बिहार में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी
Patna Weather News: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पटना समेत 28 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और मधेपुरा समेत कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
बारिश का असर कई इलाकों में दिखाई भी देने लगा है। रक्सौल में भारत-नेपाल को जोड़ने वाली सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया है, जबकि बगहा, समस्तीपुर और सीवान में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है, लेकिन 15 जुलाई से बंगाल की खाड़ी से नमी बढ़ने के साथ मानसून फिर सक्रिय होगा। इसके चलते 15 से 19 जुलाई के बीच उत्तर और पश्चिमी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।