7 दिन शुष्क रहेगा मौसम, 2 दिसंबर तक 14 डिग्री पर आएगा तापमान
नवंबर खत्म होने को है, लेकिन बिहार में अभी कड़ाके की ठंड ने दस्तक नहीं दी है। सुबह हल्के कोहरे के बाद दिन में तेज धूप निकलने से दोपहर में गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि रात में हल्की ठंड का असर है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री (सामान्य से 1.1 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 16.5 (सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। पटना में 2 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान धीरे धीरे गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है
मौसम को प्रभावित करने वाले दो सिस्टम इस समय सक्रिय हैं। दक्षिण बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, मध्य स्तर की पश्चिमी हवाओं में पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मौजूद है। हालांकि, इन दोनों सिस्टम का बिहार पर बारिश के रूप में कोई असर नहीं दिखेगा।
मौसम शुष्क रहने से खेती-किसानी के काम में कोई बाधा नहीं आएगी। हालांकि, सुबह कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रह सकती है, इसलिए वाहन चालकों को धीमी गति से चलने की सलाह दी गई है।