टीआरई-4 परीक्षा में हो सकती है देरी, शेड्‌यूल की घोषणा अब तक नहीं हुई

चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) का शेड्यूल अब तक घोषित नहीं किया गया है। इससे परीक्षा में और देरी का अंदेशा है।
 

चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) का शेड्यूल अब तक घोषित नहीं किया गया है। इससे परीक्षा में और देरी का अंदेशा है। दिसंबर या जनवरी में परीक्षा प्रस्तावित है लेकिन वर्तमान में जो स्थिति है, उससे परीक्षा में थोड़ी देरी के आसार लग रहे हैं क्योंकि अभी एसटीईटी की परीक्षा ही पूरी नहीं हुई है। एसटीईटी की अंतिम परीक्षा 22 नवंबर को होगी। उसके बाद उसका रिजल्ट भी जारी होना है। इसके उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी टीआरई-4 में मौका दिया जाना है। संभव है, एसटीईटी रिजल्ट के बाद ही टीआरई-4 की परीक्षा की तिथि और उसका पूरा शेड्यूल जारी किया जाए। तिथि की घोषणा होने के बाद एडमिट कार्ड जारी करने और अन्य प्रक्रिया में भी समय लगेगा। ऐसे में दिसंबर में परीक्षा होने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।

जनवरी या फिर उसके बाद ही परीक्षा के आसार दिख रहे हैं। फरवरी में मैट्रिक इंटर की परीक्षा की वजह से सभी परीक्षा केंद्रों पर भीड़ रहेगी। ऐसे में करीब दस लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने टीआरई-4 के लिए आवेदन किया है। उन सबको तिथि का इंतजार है कि परीक्षा कब होती है। 33,320 सीटों पर नियुक्ति होनी है। इस प्रकार एक सीट पर करीब 30 अभ्यर्थियों का दावा है।

इस बार नए पैटर्न पर परीक्षा होगी। पहली बार निगेटिव म निगेटिव मार्किंग का प्रावधान किया गया है। कुल पांच ऑप्शन ए, बी, सी, डी, ई रहेंगे। अगर उत्तर नहीं देना चाहते हैं तो 'ई' ऑप्शन चुनना अनिवार्य होगा। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो तीन गलत उत्तर के लिए एक अंक काट लिया जाएगा। ऑप्शन नहीं चुनने पर उत्तर को गलत ही माना जाएगा। इसलिए एक ऑप्शन चुनना जरूरी है। बाकी पाठ्यक्रम पहले जो था वही है। और कोई विशेष बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। चूंकि अभ्यर्थी अधिक हैं और सीटें कम एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि सोच समझकर उत्तर दें। पीयू के शिक्षा विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो आशुतोष कुमार कहते हैं कि जो उत्तर नहीं आए उसे छोड़ देने में ही भलाई है। वहीं समय कम है इसलिए अधिक से अधिक समय पढ़ाई पर दें।