बिहार के नवादा में हुआ जोरदार धमाका, ब्लास्ट के बाद मौके पर पुलिस की छानबीन शुरू 
 

 

बिहार में मंगलवार की सुबह सुबह नवादा के एक घर में जोरदार धमाका होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शहर के गोंदापुर स्थित ईद गाह के पास स्थित एक घर में जोरदार धमाका हुआ है। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि घर का अगला हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। ब्लास्ट से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। ये ब्लास्ट कितना जोरदार था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर का एक हिस्सा उड़ कर कई मीटर दूर जा गिरा। घर के दो तरफ की दीवारें कहां गई, ये पता ही नहीं चला। इस धमाके के बाद पुलिस अपनी जांच कर रही है।  

नवादा में हुए इस ब्लास्ट में किसी की जान नहीं गई। लेकिन घर का एक हिस्सा बर्बाद हो गया। ये ब्लास्ट शहर के वार्ड नंबर 18 स्थित गोंदापुर मोहल्ले में बीती रात हुआ। कहा जा रहा है कि ब्लास्ट के वक्त घर में कोई नहीं था। वहां रहने वाले लोग एक शादी समारोह में गए हुए थे, उसी दौरान ये धमाका हुआ। घर के मालिक रफीक आलम ने बताया कि इस मकान को उन्होंने किराया पर लगा रखा है। उनके मुताबिक किराएदार एक शादी समारोह में गए हुए थे। रफीक के मुताबितक धमाका कैसे हुआ ये पता नहीं चला। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस मौके सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद और नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार पहुंचे हैं और छानबीन शुरू कर दी है। वैसे स्थानीय लोग बम ब्लास्ट की आशंका जता रहे हैं।