बिहार में बढ़ा ‘हीट अटैक’ का खतरा! पारा 41 के पार, 18 अप्रैल से लू का अलर्ट
डेहरी सबसे गर्म, पटना में भी चढ़ता पारा
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान रोहतास के डेहरी में 41.8°C दर्ज किया गया, जबकि वैशाली में न्यूनतम तापमान 19.9°C रहा। राजधानी पटना में भी गर्मी का असर तेज होता जा रहा है बुधवार को तापमान 38.9°C पहुंच गया। दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा दिखा, लोग जरूरी काम के लिए ही घर से बाहर निकल रहे हैं।
सीमांचल में मिलेगी थोड़ी राहत
भीषण गर्मी के बीच सीमांचल के जिलों-अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार के लोगों के लिए राहत की खबर है। 17 से 19 अप्रैल के बीच यहां हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि यह राहत सीमित इलाकों तक ही रहेगी।
18 अप्रैल से ‘लू’ का खतरा, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 18 अप्रैल से दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना के लिए ‘हीट वेव’ (लू) का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहेगा, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।