पटना में SBI ग्रीन मैराथन को लेकर ट्रैफिक में बदलाव, सुबह 4 से 9 बजे तक कई रास्तों पर प्रतिबंध

राजधानी पटना में रविवार सुबह आयोजित होने वाली एसबीआई ग्रीन मैराथन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
 

राजधानी पटना में रविवार सुबह आयोजित होने वाली एसबीआई ग्रीन मैराथन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मैराथन के दौरान सुबह 4 बजे से 9 बजे तक निर्धारित मार्गों पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

एसबीआई ग्रीन मैराथन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-1 से होगी। प्रतिभागी चिल्ड्रेन पार्क, जेपी गंगा पथ, एलसीटी घाट और दीघा गोलंबर होते हुए अटल पथ स्थित शिवपुरी तक पहुंचेंगे। यहां से यू-टर्न लेकर सभी प्रतिभागी इसी मार्ग से वापस गांधी मैदान लौटेंगे। मैराथन के मद्देनजर पूरे रूट पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, जेपी गंगा पथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने से दीघा गोलंबर तक दक्षिणी फ्लैंक में सभी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, अटल पथ पर दीघा गोलंबर से शिवपुरी तक पूर्वी फ्लैंक में सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

इसके अलावा, आयुक्त कार्यालय के सामने से दीघा गोलंबर तक उत्तरी लेन में एकतरफा यातायात की व्यवस्था लागू रहेगी। इसी तरह दीघा गोलंबर से अटल पथ तक पश्चिमी लेन में भी वाहनों का परिचालन एक दिशा में होगा। इस दौरान यातायात पुलिसकर्मियों की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग गांधी मैदान के अंदर निर्धारित स्थल पर कराई जाएगी। आयोजन स्थल के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पार्किंग व्यवस्था से जुड़े निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

यातायात पुलिस ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि रविवार सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच अपनी यात्रा की योजना ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखकर बनाएं। वाहन चालक जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और निर्धारित रास्तों पर अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।