तिलक से लौट रहे 6 लोगों की दर्दनाक मौत, तीखे मोड़ पर पुल से नीचे नदी में गिरी स्कॉर्पियो

 

बिहार के अररिया से बेहद दुखद खबर सामने आई. यहां तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गई. इस हादसे में ड्राइवर समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को बचा लिया गया. घटना ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल की है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे. वे अररिया जिले के सिकटी स्थित भपटिया गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे.

समारोह से लौटते समय उनकी स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के पास पहुंची. यहां तीखा मोड़ होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव का काम शुरू किया गया. स्कॉर्पियो में सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया

इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे. मृतकों की उम्र 15 से 28 साल के बीच थी. उनकी पहचान यश कुमार (16), सौरभ कुमार (15), आदित्य अमन (20), मुन्ना कुमार (22), आर्यन (15) और स्कॉर्पियो चालक कुंदन यादव (28) के रूप में हुई है. सभी शवों को अररिया सदर अस्पताल लाया गया है.

यहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है. सदर अस्पताल के डॉक्टरों और मुख्यालय डीएसपी ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है. एक साथ 6 लोगों की मौत से सुपौल के थुमहा गांव में मातम पसरा है. जिन घरों में शादी समारोह की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है.