दिल्ली से मुजफ्फरपुर लौट रही बस कुशीनगर में ट्रक से टकराई, 3 साल की मासूम समेत दो की मौत, 11 घायल

दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही यात्रियों से भरी बस शनिवार तड़के उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हादसे का शिकार हो गई. तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास बस की एक ट्रक से भीषण टक्कर हो गई
 

दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही यात्रियों से भरी बस शनिवार तड़के उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हादसे का शिकार हो गई. तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास बस की एक ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. हादसे में तीन साल की बच्ची और एक युवक की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए. घायलों में एक बच्ची समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, बस का ड्राइवर आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान बस के बाएं हिस्से की ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया

टक्कर के कारण बस का अगला शीशा टूट गया. बताया जा रहा है कि आगे बैठे कुछ यात्री शीशा टूटने के बाद सड़क पर आ गिरे. बस और ट्रक की टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन साल की बच्ची और एक घायल युवक को मृत घोषित कर दिया.

बस में सवार अधिकतर यात्री दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर काम करते हैं. वे दिवाली और छठ पूजा के मौके पर मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में अपने घर लौट रहे थे. त्योहार पर परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले इन यात्रियों का सफर हादसे में बदल गया. दुर्घटना में दो लोगों की मौत और 11 यात्रियों के घायल होने से उनके परिवारों में मातम का माहौल है.