7 हजार की रिश्वत लेते दो विशेष सर्वे अमीन रंगेहाथ गिरफ्तार,ऑनलाइन जमीन मापी की रिपोर्ट देने के एवज में मांगी थी रकम
गयाजी: गयाजी में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विशेष सर्वे अमीन को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर जमीन की ऑनलाइन मापी की रिपोर्ट देने के एवज में स्थानीय निवासी रोहित कुमार से रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस टीम ने मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से एपीआर मॉल के पास जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया।
रिपोर्ट के नाम पर मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार ने अपनी जमीन की ऑनलाइन मैपिंग एवं मापी के लिए नियमानुसार आवेदन किया था। आरोप है कि जब इस संबंध में रिपोर्ट तैयार करने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बारी आई तो प्रखंड के हल्का अमीन ने इसके एवज में अवैध राशि की मांग शुरू कर दी। पीड़ित से सात हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। इससे परेशान होकर रोहित कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
एपीआर मॉल के पास बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। टीम ने एपीआर मॉल के पास जाल बिछाया। जैसे ही दोनों विशेष सर्वे अमीन ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी का एहसास होते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए एंटी करप्शन टीम के अधिकारी वसीम फिरोज डीएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
महकमे में मचा हड़कंप
दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से राजस्व एवं सर्वे विभाग में हड़कंप मच गया है। जमीन की मापी और ऑनलाइन सर्वे से जुड़े कार्यों में रिश्वतखोरी की शिकायतों के बीच विजिलेंस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। विभागीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि इस कथित रिश्वतखोरी में अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं।