गया में अनोखा रक्षाबंधन: पेड़-पौधों और सैनिक भाइयों को बच्चियों ने बांधी राखी

 

Gaya News:  रक्षाबंधन के पूर्व गया में महिलाओं व बच्चियों ने भाई-बहन के रिश्ते से आगे बढ़कर प्रकृति और देश की रक्षा का अनोखा संदेश दिया। शहर की सैकड़ों महिलाएं व स्कूली बच्चियों ने गाजे-बाजे के साथ ब्रह्मयोनि पहाड़ पहुंचीं और सैनिक भाइयों व पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। महिलाओं ने पेड़ों की पूजा-अर्चना और आरती कर उन्हें गले लगाया।

महिलाओं का कहना था कि पेड़ मानव जीवन के सच्चे रक्षक हैं। वे ऑक्सीजन देने के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं। इसलिए जिस तरह रक्षाबंधन पर भाई की रक्षा का संकल्प लिया जाता है, उसी तरह पेड़ों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी समाज को निभानी चाहिए।

इसके बाद महिलाओं ने गया ऑफिसर्स ट्रेनिंग सेंटर (ओटीए) पहुंचकर सेना के जवानों की कलाई पर भी राखी बांधी और मिठाई खिलाई। परिवार से दूर रहकर रक्षाबंधन मनाने के दौरान गया की महिलाओं ने उन्हें बहन के स्नेह का एहसास कराया। उन्होंने महिलाओं और देश की रक्षा का संकल्प लिया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि ब्रह्मयोनि पहाड़ पर हजारों पौधे लगाए गए हैं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली जा रही है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने संदेश दिया-“पेड़ हमारी रक्षा करते हैं, अब हमारी बारी है।”
पेड़ों और सैनिकों की कलाई पर बंधी राखियां प्रकृति संरक्षण और देश की सुरक्षा के प्रति सम्मान व संकल्प का प्रतीक बनीं।