UP News: यूपी चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक आज, जानिए सहयोगी दलों ने क्या कहा?

 

 

UP news: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय नितिन नवीन रविवार को गोमतीनगर स्थिति होटल ताज में एनडीए नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। इस बैठक में सीएम योगी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, गठबंधन के समन्वय और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, बैठक से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं का बयान भी सामने आया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर NDA बैठक को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार उत्तर प्रदेश आए हैं। आज वे NDA गठबंधन में शामिल बैठक दलों के साथ बैठक करेंगे। हमारा उद्देश्य है कि उत्तर प्रदेश में 2017 से ज्यादा सीटें हम जीतें। हम सभी इसी दिशा में अपना काम कर रहे हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुनः ऐतिहासिक जीत हो। सभी सीटों को हम जीत में कैसे बदल सकते हैं, यह सहयोगी दलों का कर्तव्य बन सकता है। इस पर हम चर्चा करेंगे। निषाद पार्टी, भाजपा, सभी पार्टियों को कैसे जन-जन तक पहुंचाया जाए इस पर चर्चा होगी। चुनावी चर्चा होगी। हम मांगने वालों में से नहीं जीत देने वालों में से हैं। उन्होंने बहुत कुछ दिया है।

योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यहां आए हैं। हम सब उनका अभिनंदन करते हैं। बैठक में निश्चित तौर पर सहयोगी दलों को बुलाया गया है, सभी विषयों को रखा जाएगा। हमारी पार्टी 12 साल से गठबंधन में है, वह सीटों की नहीं जीत की लड़ाई लड़ती है।”

NDA की इस बैठक के बारे में RLD नेता त्रिलोक त्यागी ने कहा, “जिस प्रकार सभी राजनीतिक दल मिलकर सरकार चला रहे हैं और उसी तरह हमें आगे मिलकर चुनाव लड़ना है और 2027 का चुनाव जीतना है। NDA को फिर से सत्ता में लाना है, उसी संबंध में आज की ये बैठक है।

उन्होंने आगे कहा कि अभी हम (NDA) लोग सभी सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रहे हैं हालांकि हर जगह चुनाव चिन्ह अलग होगा। पश्चिम से लेकर पूर्व तक RLD के कार्यकर्ता हैं। हम RLD का प्रभाव क्षेत्र बढ़ा रहे हैं। RLD के मदद से फिर से NDA की सरकार प्रदेश में बनेगी, मैं ये बता सकता हूं।

योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के प्रवास पर हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं में ये उत्साह बढ़ाने वाला प्रवास है, 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद है। कल भी और आज भी वे पार्टी के द्वारा घोषित अभियानों के साथ जुड़ेंगे ताकि 2027 की जीत में कोई कमी ना रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा भाजपा को एक बेहतरीन ऊर्जा देने वाला है।

बता दें, दौरे के पहले दिन नितिन नवीन ने लखनऊ की प्रसिद्ध शर्मा जी की चाय की दुकान पर कार्यकर्ताओं के साथ चाय पी और कहा था कि “2027 का बिगुल बज चुका है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘चाय वाले’ से प्रधानमंत्री बनने के सफर का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया था।

अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी और यूजीसी के नियमों को लेकर उठे विवाद ने भाजपा के भीतर एक नई चिंता को जन्म दिया है। इससे उसका ही वोट बैंक माने जाने वाला वर्ग नाराज है तो वहीं चंदा चोरी को लेकर हिंदू वर्ग में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसको मैनेज करने करने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हर मुद्दे को बारीकी से जांच-परख रहा है।