बिहार विधानसभा में फिर हंगामा! NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, 8 मिनट में सदन स्थगित
Patna: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। NEET पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा के वेल में पहुंच गए। भारी हंगामे और शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने करीब आठ मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी।
सदन के भीतर विरोध के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के कुछ सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। लगातार नारेबाजी के चलते विधानसभा का माहौल काफी गरम रहा।
सदन के बाहर भी विपक्ष का प्रदर्शन
कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर के पोर्टिको में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर विधायकों ने ‘भाजपा हटाओ, शिक्षा बचाओ’ जैसे नारे लगाए और धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारी विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। उनके पोस्टरों पर ‘10 वर्षों में 152 पेपर लीक क्यों, भाजपा सरकार जवाब दो’, ‘छात्रों की है एक ही मांग, पारदर्शी परीक्षा और सम्मान’ और ‘छात्रों पर पुलिस बर्बरता, नहीं चलेगी’ जैसे नारे लिखे थे।
छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर हमला
विपक्षी विधायकों ने बुधवार को पटना में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया। विपक्ष का आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन भी पूरे हो रहे हैं। इसी बीच विपक्ष के हंगामे के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विधानसभा पहुंचे। सदन के अंदर और बाहर विपक्ष के प्रदर्शन के कारण विधानसभा परिसर में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही।