बिहार में मौसम का यू-टर्न: सीमांचल में बारिश, पटना में ठंडी हवाएं; 15 से 17 मार्च तक आंधी-बारिश का अलर्ट

 
Bihar News: बिहार में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बाद रात होते-होते कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। सीमांचल के जिलों पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी पटना में ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।

(IMD) India Meteorological Department के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य या शुष्क रह सकता है, लेकिन इसके बाद कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

मार्च में ही तेज हुई गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। गुरुवार को भी तेज और चुभने वाली धूप के कारण कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि कुछ जगहों पर पारा 37 डिग्री तक पहुंच गया।

सीमांचल में बदला मौसम

रात के समय सीमांचल के जिलों में अचानक मौसम बदल गया। पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में देर रात से सुबह तक मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश की संभावना जताई है।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च से मौसम का असर और बढ़ सकता है। कई जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन सकती है। हवाओं की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

15 से 17 मार्च तक अलर्ट

15 मार्च को पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, कटिहार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

16 मार्च को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर और जमुई सहित कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। वहीं 17 मार्च को उत्तर बिहार के जिलों मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और पश्चिम चंपारण समेत करीब 19 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने के आसार कम हैं।