बिहार में मौसम का ‘यू-टर्न’: 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और ठनका का खतरा

 
Bihar Weather Report: India Meteorological Department की ताजा चेतावनी के बाद बिहार में मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। तेज धूप के बीच अब राज्य के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। अगले 24 से 48 घंटों के भीतर तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने राज्य के करीब 30 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इन जिलों में ज्यादा असर की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक खराब मौसम का असर खास तौर पर पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और जमुई समेत आसपास के कई जिलों में ज्यादा देखने को मिल सकता है।

इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, बांका, खगड़िया और मुंगेर जैसे जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पटना समेत दक्षिण बिहार में हल्का असर

राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कुछ जिलों वैशाली, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में फिलहाल आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि इन जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

ठनका से सावधान रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खासकर ठनका (आकाशीय बिजली) को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है।

11 मार्च तक रह सकता है असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं के असर से बदला हुआ मौसम 11 मार्च की देर रात तक बना रह सकता है। इसके बाद 12 मार्च से मौसम के धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना जताई गई है।

फिलहाल सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।