बजट सत्र समापन पर ‘वसंतोत्सव’: विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को दिया खास निमंत्रण

Bihar news: 27 फरवरी को देशरत्न मार्ग पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज, राजनीतिक हस्तियां रहेंगी मौजूद
 
Bihar news: बिहार विधान सभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मंगलवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 27 फरवरी को बजट सत्र के समापन अवसर पर आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वसंतोत्सव’ और रात्रि भोज में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

यह कार्यक्रम पटना के 2, देशरत्न मार्ग स्थित परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां राजनीतिक और प्रशासनिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंहा सहित राज्य सरकार के मंत्री, विधान मंडल के सदस्य, विशिष्ट अतिथि तथा विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे।

सत्र समापन पर सांस्कृतिक रंग

हर वर्ष की तरह इस बार भी बजट सत्र के समापन को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘वसंतोत्सव’ के माध्यम से परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी, जिसके बाद रात्रि भोज का आयोजन होगा।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे गरिमामय एवं भव्य बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।