विक्रमशिला सेतु से जल्द दौड़ेंगे वाहन, 7 जून तक यातायात बहाली की तैयारी; हल्के वाहनों को मिलेगी अनुमति
पथ निर्माण विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि चौथे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग का काम अंतिम चरण में है। इसके बाद अप्रोच रैंप का निर्माण किया जाएगा, जिसे अगले दो दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी तकनीकी कार्य पूरे होने के बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप सेतु का परीक्षण किया जाएगा और उसके बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी।
फिलहाल सेतु पर केवल हल्के वाहनों के संचालन की अनुमति देने की योजना है। इसमें बाइक, ऑटो, एंबुलेंस और छोटे चारपहिया वाहन शामिल होंगे। वहीं बसों और भारी मालवाहक ट्रकों के आवागमन पर फिलहाल रोक जारी रहेगी। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए सेतु के दोनों छोर पर विशेष चेकपोस्ट भी बनाए जाएंगे।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि तकनीकी ऑडिट टीम की सिफारिशों के आधार पर सेतु की अतिरिक्त मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इसी उद्देश्य से चौथे बेली ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या न हो और आवागमन सुरक्षित बना रहे।
उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन (BRO), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और विभाग के अभियंता दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं। उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है ताकि काम तय समयसीमा के भीतर पूरा हो सके। इसके अलावा पहुंच पथ निर्माण, तकनीकी सुधार, कोटा केबिन की स्थापना, सड़क मार्किंग, लाइनिंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु भागलपुर समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के लाखों लोगों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। यातायात बाधित होने से आम लोगों, व्यापारियों, मरीजों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में सेतु पर यातायात बहाली की खबर से लोगों में राहत और उत्साह का माहौल है।
यदि सभी कार्य तय समय पर पूरे हुए, तो 7 जून तक विक्रमशिला सेतु पर एक बार फिर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी और लंबे समय से जारी परेशानी से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।