जमीन खरीदने से पहले अब ‘सत्यापन अनिवार्य’: बांका में 15 मई से लागू होगी नई व्यवस्था, फर्जीवाड़े पर लगेगा ब्रेक
ऑनलाइन आवेदन से शुरू होगी प्रक्रिया
नई प्रणाली के तहत इच्छुक खरीदारों को ई-निबंधन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान खाता, खेसरा, रकबा, चौहद्दी, जमाबंदी संख्या और विक्रेता का नाम जैसी अहम जानकारियां देनी होंगी। इसके आधार पर अंचल कार्यालय जमीन की गहन जांच करेगा।
10 दिन में मिलेगी पूरी रिपोर्ट
प्रशासन ने प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए निर्देश दिया है कि संबंधित अंचलाधिकारी आवेदन मिलने के 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जारी करेंगे। इस रिपोर्ट में जमीन की प्रकृति, स्वामित्व, किसी प्रकार के विवाद और दस्तावेजों की वैधता की पूरी जानकारी दी जाएगी।
फर्जी सौदों पर लगेगी रोक, खरीदार होंगे सुरक्षित
इस नई व्यवस्था से खरीदारों को रजिस्ट्री से पहले ही जमीन की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा, जिससे फर्जी कागजात के जरिए होने वाले सौदों पर रोक लगेगी और भविष्य में कानूनी विवादों में कमी आएगी।
समयसीमा नहीं मानी तो तय होगी जिम्मेदारी
यदि तय समय में रिपोर्ट जारी नहीं होती है, तो खरीदार पोर्टल की उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे बढ़ सकेंगे। हालांकि, ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जमीन खरीद-बिक्री की प्रक्रिया न केवल सुरक्षित होगी, बल्कि आम लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।