वैशाली में भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का बड़ा प्रहार: 50 हजार रिश्वत लेते अंचल अमीन गिरफ्तार, जमीन मापी के नाम पर मांगे थे 3 लाख
SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद के मुताबिक, सराय थाना क्षेत्र के आनंद कुमार और लालगंज के पप्पु कुमार ने पटना स्थित SVU कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अमीन सुजीत कुमार लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
परिवादियों के अनुसार, पप्पु कुमार से जमीन की मापी और परिमार्जन के लिए 3 लाख रुपये जबकि आनंद कुमार से 60 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद SVU ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक चंद्रभूषण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अमीन को पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लालगंज थाना लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद देर रात उसे पटना ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। लगातार दूसरी बार लालगंज प्रखंड कार्यालय से जुड़े अधिकारियों पर हुई निगरानी कार्रवाई ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले जून 2025 में भी निगरानी विभाग ने लालगंज प्रखंड कार्यालय में कार्रवाई करते हुए तत्कालीन बीडीओ नीलम कुमारी और उनके चालक को प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों से आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।