जन्मदिन पर महाबोधि मंदिर पहुंचे विजय सिन्हा, भगवान बुद्ध से मांगा विकसित भारत और समृद्ध बिहार का आशीर्वाद
महाबोधि मंदिर पहुंचने पर बोधगया मंदिर प्रबंधकारिणी समिति (बीटीएमसी) के अधिकारियों और बौद्ध भिक्षुओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मंदिर परिसर में पहुंचकर विजय सिन्हा ने गर्भगृह में भगवान बुद्ध को चीवर और प्रसाद अर्पित किया तथा आध्यात्मिक वातावरण में विशेष प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के दौरान भिक्षुओं ने मंत्रोच्चार और सूत्रपाठ कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की मंगलकामना की। इसके बाद मंत्री ने पवित्र बोधि वृक्ष के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए और उसकी जड़ों में जल चढ़ाया।
मंदिर भ्रमण के बाद विजय सिन्हा ने विजिटर बुक में अपने विचार भी दर्ज किए। उन्होंने लिखा कि भगवान बुद्ध की करुणा और सकारात्मक ऊर्जा पूरे देश को शांति, समृद्धि और सद्भाव का मार्ग दिखाए। उन्होंने पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाबोधि मंदिर में उपस्थित होना अपने लिए विशेष और आध्यात्मिक अनुभव बताया।
इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बीटीएमसी की ओर से विजय सिन्हा को भगवान बुद्ध की प्रतिमा, पवित्र बोधि वृक्ष का स्मृति चिह्न और धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
जन्मदिन के मौके पर आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण की कामना के साथ महाबोधि मंदिर में विजय सिन्हा का यह दौरा पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।