भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले विजयेंद्र यादव- रिपोर्ट आने तक टिप्पणी ठीक नहीं, न्यायिक जांच पर जताया भरोसा

 

Bihar news: भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजयेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस पूरे मामले में अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और जांच आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

परिजनों द्वारा कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायिक जांच टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर रही है, इसलिए सभी पक्षों को जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए।

पंजाब विधानसभा चुनाव में जदयू के चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर विजयेंद्र यादव ने कहा कि यह फैसला वहां की प्रदेश इकाई का है। हालांकि उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की कोशिश लगातार की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा हाल के दिनों में की जा रही कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में गरीब मरीजों को हो रही परेशानियों को देखते हुए कार्रवाई की गई, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि किसी के साथ अन्याय या कठोरता बरती जाएगी।

वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा बिहार सरकार का खजाना खाली होने संबंधी बयान पर विजयेंद्र यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जिन्होंने यह आरोप लगाया है, उन्हें सरकारी खजाने की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है। बिहार का खजाना पूरी तरह सुरक्षित है। यह आरजेडी का शासन नहीं है कि खजाना लूट लिया जाए।”

उन्होंने आगे कहा कि पहले तेजस्वी यादव वेतन नहीं मिलने की बात कर रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने खुद ही स्वीकार किया कि उन्हें वेतन मिल गया।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासनिक और सरकारी प्रक्रिया का हिस्सा है। सरकार नियमों के तहत आगे की कार्रवाई करेगी और समयानुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।