दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को मिला स्मार्टफोन, डिजिटल शिक्षा से जुड़ेंगे छात्र-छात्राएं

डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। 
 

 

पटना: डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। Vision-Aid Resource Center, विशाखापत्तनम के तत्वावधान में मंगलवार को पंचशील अंतरज्योति बालिका विद्यालय, कुम्हरार, पटना में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं के बीच मोबाइल फोन वितरित किए गए।

इस अवसर पर कुम्हरार विधायक संजय कुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को मोबाइल फोन उपलब्ध कराना उन्हें डिजिटल शिक्षा, सूचना और ज्ञान के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थी भी शिक्षा के विभिन्न संसाधनों तक आसानी से पहुंच सकते हैं। मोबाइल फोन न केवल उनकी पढ़ाई को सरल और सुगम बनाएगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देगा। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। दिव्यांग विद्यार्थियों में भी अपार प्रतिभा और क्षमता होती है। जरूरत है उन्हें उचित संसाधन, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। इस तरह की पहल समावेशी शिक्षा को मजबूत करने के साथ ही एक संवेदनशील, सशक्त और समान अवसरों वाले समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन एवं पूर्व सचिव रमेश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. आनंदमूर्ति, सचिव लखन पंडित, संयुक्त सचिव एम.के. पांडेय तथा Vision-Aid Resource Center के मैनेजर भूपेंद्र क्षत्रिय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक संजय कुमार गुप्ता ने इस सराहनीय पहल के लिए Vision-Aid Resource Center और पंचशील अंतरज्योति बालिका विद्यालय के सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।