बिहार में मौसम का कहर! 72 घंटे का अलर्ट, आंधी-बारिश और ठनका से दहशत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो चुकी हैं। इसी कारण मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राजधानी पटना, गया, भागलपुर, किशनगंज, अररिया और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने खासकर ग्रामीण इलाकों के लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खेतों में काम करने के दौरान खुले आसमान के नीचे रहने से बचने को कहा गया है।
पिछले कुछ दिनों में बदले मौसम का असर तापमान पर भी साफ दिखा है। दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि लगातार ठनका गिरने और तेज हवाओं की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई इलाकों में फसलों और आम-लीची के बागानों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 11 मई तक बिहार में मौसम लगातार करवट बदलता रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।