बिहार में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 24 जिलों में बारिश का अलर्ट; 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात का भी खतरा

 

 

Bihar Weather Update: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कुछ इलाकों में वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पटना, भोजपुर, गोपालगंज, रोहतास, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय और बेगूसराय में बारिश का अलर्ट है।

इन जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में मौसम रहेगा सुहावना

बारिश और आसमान में बादल छाए रहने के कारण उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कई जिलों में तापमान पर नियंत्रण रहने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने का अनुमान है।

वज्रपात के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने से बचना चाहिए। पेड़ के नीचे खड़े होना भी खतरनाक हो सकता है। बिजली के खंभों और तारों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने भी लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील की है। वहीं किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।