Weather Update: मौसम का बड़ा अलर्ट- 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी, 90 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

 
Bihar Weather Update: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बदलते मौसम के कारण कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने के संकेत हैं, जिससे भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आने वाले घंटों में कई राज्यों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।