बिहार में फिर बदलेगा मौसम, 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

 

Bihar Weather Update: बिहार में कुछ दिनों की उमस और तेज धूप के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राज्य के सभी 38 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक कई इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचने की अपील की गई है।

उत्तर से दक्षिण तक बारिश के आसार

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी बिहार में भागलपुर, मुंगेर और जमुई के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम का यह बदलाव 26 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे निचले इलाकों और पहले से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

इन 38 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, गया, औरंगाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

जमुई में हुई बारिश, पटना-गया में उमस ने किया परेशान

पिछले 24 घंटे के दौरान जमुई में बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर पटना और गया में दिन के समय तेज धूप निकलने के कारण उमस का असर देखने को मिला। अब मौसम में बदलाव के बाद इन इलाकों में भी बारिश की संभावना बढ़ गई है।

वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली की आशंका होने पर खुले मैदान में जाने से बचने और पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की गई है।

तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश के साथ हवा और वज्रपात का असर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है।