बिहार NEET छात्रा हत्याकांड मामला क्या है? CM नीतीश कुमार ने की CBI जांच की सिफारिश, कहा- CBI जांच कराएं

Bihar NEET Student Murder Case: बिहार सरकार ने पटना में NEET की तैयारी कर रहे छात्रा की मौत की जांच में तेजी दिखाने का वादा किया है. सीनियर मंत्रियों ने जोर देकर कहा है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को पूरी ऑपरेशनल आजादी दी गई है...
 

Bihar NEET Student Murder Case: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से पटना में NEET छात्रा की हत्या के मामले की जांच CBI को सौंपने का आग्रह किया है. यह जानकारी डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने ट्वीट करते हुए दी. उन्होंने कहा, 'इस घटना का पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से खुलासा होना चाहिए.' बिहार सरकार ने NEET छात्रा मौत मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. गृह विभाग के सचिव प्रणब कुमार ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए केंद्र सरकार से CBI जांच का आग्रह किया है.

बिहार सरकार ने पटना में NEET की तैयारी कर रहे छात्रा की मौत की जांच में तेजी दिखाने का वादा किया है. सीनियर मंत्रियों ने जोर देकर कहा है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को पूरी ऑपरेशनल आजादी दी गई है. 

इससे पहले बढ़ते जन आक्रोश और विपक्ष की आलोचना पर जवाब देते हुए, बिहार के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। 'किसी भी अपराधी को भागने नहीं दिया जाएगा। जो भी जिम्मेदार होगा, उसे हर हाल में जेल भेजा जाएगा.' उन्होंने कहा कि हमने पुलिस को फ्री हैंड दिए हैं.

लेकिन पुलिस कर रही सही काम? सवाल तो ये

NEET की तैयारी कर रही छात्रा की महीने के शुरुआत में मौत हो गई थी, जिसको लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। लड़की के माता-पिता ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य पुलिस यौन उत्पीड़न की बात से इनकार करके और इसे आत्महत्या का मामला बताकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है.

DGP विनय कुमार के आवास के बाहर काफी विरोध प्रदर्शन किया गया। जहां जहानाबाद के रहने वाले दुखी माता-पिता अधिकारी से मिले. मृतक की मां ने पत्रकारों से कहा, 'आज न्याय की हमारी उम्मीदें टूट गई हैं. DGP ने कहा कि वह इस मामले को आत्महत्या का मामला मान रहे हैं. अगर हम संतुष्ट नहीं हैं तो उन्होंने गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करवाने का ऑफर दिया। हम बहुत दुखी हैं.'

क्या है बिहार का ये बड़ा मामला?

NEET की तैयारी कर रही छात्रा, जो मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रही थी, इस महीने की शुरुआत में पटना के चित्रगुप्त नगर में एक प्राइवेट लड़कियों के हॉस्टल के कमरे में बेहोश मिली थी. वह परीक्षा की कोचिंग लेने के लिए हॉस्टल में रह रही थी.

कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद 11 जनवरी को एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई. लड़की के परिवार ने आरोप लगाया था कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है और अधिकारियों पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है. एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) मामले की जांच कर रही है. वहीं, दुखी माता-पिता के साथ परिवार के कुछ दूसरे सदस्य भी थे, जो DGP से मिलने गए थे, लेकिन सिर्फ माता-पिता को मिलने दिया गया। इनमें उनके चाचा सुभाष और उनके वकील एसके पांडे थे.

अंडरगारमेंट्स पर सीमेन

पांडे ने बाद में पत्रकारों से कहा, 'सिर्फ माता-पिता को ही DGP से मिलने दिया गया. वे बहुत परेशान होकर बाहर आए हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि जब फोरेंसिक टेस्ट में लड़की के अंडरगारमेंट्स पर सीमेन के निशान मिले हैं, तो DGP को कैसे लगता है कि यह आत्महत्या थी और इसमें कोई यौन अपराध शामिल नहीं था. अब हम कोर्ट जाएंगे क्योंकि पुलिस हमें न्याय नहीं दे सकती.'

जब पूछा गया कि क्या सीबीआई जांच की मांग की जाएगी, तो उन्होंने कहा, 'हमारी एकमात्र मांग न्याय है.' सुभाष ने दावा किया कि जब उनकी बहन और उनके पति डीजीपी से मिले, तो 'हम घर लौट रहे थे. लेकिन मुझे एक डिप्टी एसपी मैडम का फोन आया जिन्होंने मुझे एक पुलिस स्टेशन आने के लिए कहा.' सुभाष ने दावा किया, 'उन्होंने मुझसे कहा कि उसे पता चला है कि मुझे चीजों की समझ है, इसलिए मुझे उनसे अकेले मिलना चाहिए. लेकिन उन्होंने भी वही दोहराया जो DGP ने लड़की के माता-पिता से कहा था. पुलिस हमारे पास खुद को आग लगाने के अलावा कोई चारा नहीं छोड़ रही है.' हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयानों पर चुप्पी साध रखी है.