बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, 12 जिलों में येलो अलर्ट; 14 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
Bihar weather update: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है। राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को 12 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में मौसम रहेगा ज्यादा सक्रिय
अलर्ट वाले जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और जहानाबाद शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 12 अगस्त तक बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
13-14 अगस्त को 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 और 14 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान 19 जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बनने की आशंका है।
इनमें जहानाबाद, सारण, सीवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय शामिल हैं।
बढ़ सकता है नदियों का जलस्तर
लगातार बारिश के बीच नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
बारिश हो रही, फिर भी 36 फीसदी कम है पानी
दिलचस्प बात यह है कि लगातार बारिश के बावजूद बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश की कमी बनी हुई है। 9 अगस्त तक राज्य में 369.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 573.4 मिमी होनी चाहिए थी। यानी राज्य में बारिश सामान्य से करीब 36 फीसदी कम है।
कैमूर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और खगड़िया में बारिश की कमी विशेष रूप से गंभीर बताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 अगस्त के बाद बिहार में मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लोगों को बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।