बिहार में मॉनसून की विदाई के बाद भी आंधी-बारिश का दौर जारी, 18 जिलों में येलो अलर्ट
पटना: बिहार से मॉनसून की विदाई लगभग हो चुकी है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में अभी भी आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बिहार के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
9 अक्टूबर को सारण (छपरा), वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, भोजपुर (आरा), अरवल, औरंगाबाद, रोहतास (सासाराम) और कैमूर (भभुआ) में येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
10 और 11 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। 9 अक्टूबर के बाद आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
10 अक्टूबर को कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के एक-दो स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, 11 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से सटे किशनगंज जिले के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। राजधानी पटना समेत बिहार के अधिकांश हिस्सों में शनिवार से मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने लोगों से मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।