कटिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, थाने पर बवाल; भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
Katihar: बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद बवाल हो गया. हालात बेकाबू हो गए. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी. जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए. भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा गया.
इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिए जाने की भी खबर है. पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था.
आज शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश कुमार यादव को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई.
मृतक की साली कोमल यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश को बुरी तरह पीटा गया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने भी पहचान नहीं की थी, फिर भी पुलिस उसे जबरन उठा ले गई और मारपीट की. वहीं पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. हालत बिगड़ने पर उसे सुबह 7 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका ले जाया गया.
वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना के एसएचओ रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है.
साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. पुलिस विभाग ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) स्तर से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह के अनुसार, राकेश यादव को लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था. शनिवार सुबह उसने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.