बुलेटप्रूफ शीशे में दिखे अमिताभ बच्चन, जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ी, मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी सुरक्षा को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से जुड़े हमले की खबरों और अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, इस सबके बावजूद अभिनेता ने रविवार को अपने फैंस से मिलने की परंपरा जारी रखी।
अमिताभ बच्चन जलसा के बाहर बुलेटप्रूफ शीशे से ढकी ट्रॉली पर नजर आए। वहीं, बेटे अभिषेक बच्चन भी पूरे समय उनके साथ मौजूद रहे। वह हर रविवार अपने बंगले जलसा के बाहर फैंस से मुलाकात करते हैं। इस खास मौके पर उनके चाहने वाले घंटों इंतजार करते हैं, ताकि अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक देख सकें। बिग बी भी हाथ हिलाकर और अभिवादन करके फैंस का उत्साह बढ़ाते हैं।
हालिया धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। इस रविवार जब अमिताभ फैंस से मिलने बाहर आए, तो उनकी ट्रॉली को बुलेटप्रूफ शीशे से कवर किया गया था। सामने आए वीडियो में अभिनेता इसी सुरक्षा घेरे के भीतर से अपने चाहने वालों का अभिवादन करते दिखाई दिए। खास बात यह रही कि सुरक्षा बढ़ने के बावजूद उन्होंने फैंस से मिलने का सिलसिला नहीं तोड़ा
इस दौरान अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के साथ नजर आए। वह सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगातार आसपास नजर रखते दिखे। अमिताभ के साथ उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर पिता-बेटे के रिश्ते की झलक दिखाई। धमकी के बाद अभिषेक का इस तरह पिता के साथ खड़े रहना चर्चा का विषय बन गया है।
अमिताभ बच्चन के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इन दिनों टीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' को होस्ट कर रहे हैं। शो में वह अक्सर अपनी जिंदगी और फिल्मी करियर से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करते रहते हैं। इसके अलावा अभिनेता के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स भी हैं। वह 'कल्कि 2', 'ब्रह्मास्त्र 2' और 'सेक्शन 84' जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी अमिताभ लगातार काम कर रहे हैं।