अक्टूबर में GST कलेक्शन में रिकॉर्ड उछाल, सरकार के खजाने में आया ₹2.31 लाख करोड़

भारत की अर्थव्यवस्था के लिए अक्टूबर का महीना शानदार रहा। देश का सकल वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह अक्टूबर में सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी के साथ 2.31 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
 

भारत की अर्थव्यवस्था के लिए अक्टूबर का महीना शानदार रहा। देश का सकल वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह अक्टूबर में सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी के साथ 2.31 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। 1 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, यह पिछले चार वर्षों से अधिक समय में GST कलेक्शन की सबसे तेज वृद्धि है।

अक्टूबर में GST संग्रह की यह बढ़ोतरी सितंबर के मुकाबले भी काफी अधिक रही। सितंबर में GST कलेक्शन में सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। वहीं, अक्टूबर के आंकड़ों के साथ लगातार चौथे महीने देश का GST संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये के पार बना हुआ है।

चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर का GST संग्रह दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले अप्रैल में देश को GST के रूप में 2.43 लाख करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जो इस वित्त वर्ष का अब तक का सबसे अधिक संग्रह है।

EY इंडिया के पार्टनर सौरभ अग्रवाल के मुताबिक, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अक्टूबर के GST आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाते हैं। राजस्व में लगातार हो रही बढ़ोतरी मजबूत घरेलू खपत और कर अनुपालन में सुधार का संकेत देती है।

अक्टूबर में GST संग्रह में आई इस तेजी को देश में आर्थिक गतिविधियों और उपभोग की मजबूत स्थिति के तौर पर देखा जा रहा है।

महाराष्ट्र से सबसे अधिक जीएसटी कलेक्शन हुआ है। अकेले इस राज्य से सरकार ने 35150 करोड़ रुपये की कमाई की है। जोकि पिछले साल की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। कर्नाटक में जीएसटी कलेक्शन 15922 करोड़ रुपये रहा है। यह भी सालाना आधार पर 18 प्रतिशत अधिक है। गुजरात से इस बार कुल 13516 करोड़ रुपये जीएसटी कलेक्ट हुआ है। यह पिछले साल की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।

यूपी से 10235 करोड़ रुपये का जीएसटी कलेक्शन रहा है। हरियाणा से कुल 11529 करोड़ रुपये, दिल्ली से 9298 करोड़ रुपये, पंजाब से 2856 करोड़ रुपये जीएसटी कलेक्ट हुआ है। बता दें, मध्य प्रदेश के जीएसटी कलेक्शन में सालाना आधार पर 29 प्रतिशत और झारखंड ने इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक जीएसटी अक्टूबर के महीने में कलेक्ट किया है।

पश्चिम बंगाल में 6055 करोड़ रुपये और केरल में 3486 करोड़ रुपये जीएसटी कलेक्ट हुआ है