3 दिन से अंधेरे में 200 घर, ट्रांसफॉर्मर को लेकर भड़के ग्रामीण; सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
Nawada News: जिले के कौआकोल प्रखंड के भलुआही बाजार में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने कौआकोल-रोह मुख्य मार्ग को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली नहीं होने से करीब 200 घरों में अंधेरा पसरा है और भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
तीन दिन से जला पड़ा है ट्रांसफॉर्मर
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके का ट्रांसफॉर्मर तीन दिन पहले जल गया था। इसकी सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन लोगों को बिजली के साथ-साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रही है। बिजली नहीं होने से छात्र-छात्राएं न तो पढ़ाई कर पा रहे हैं और न ही मोबाइल या अन्य उपकरण चार्ज कर पा रहे हैं।
नया ट्रांसफॉर्मर लाया गया, लेकिन ग्रामीणों ने लगाने से रोका
बुधवार को बिजली विभाग की टीम नया ट्रांसफॉर्मर लेकर गांव पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने उसे लगाने नहीं दिया। उनका कहना था कि विभाग जिस क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लेकर आया है, वह इलाके के बिजली लोड के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी कम क्षमता वाला ट्रांसफॉर्मर लगाने की वजह से वह बार-बार जलता रहा है। ऐसे में वे स्थायी समाधान चाहते हैं, न कि अस्थायी व्यवस्था।
सड़क जाम से घंटों थमा यातायात
ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण कौआकोल-रोह मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे आम लोगों के साथ-साथ जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस गए। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की।
बिजली विभाग ने क्या कहा?
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (JE) अनीश कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना मिलते ही विभाग ने नया ट्रांसफॉर्मर भेज दिया था। हालांकि, ग्रामीणों ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए उसे लगाने का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्या को गंभीरता से ले रहा है और ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द ही ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।
फिलहाल भलुआही बाजार के लोग नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर की मांग पर अड़े हैं। ऐसे में बिजली बहाल होने तक इलाके के लोगों को राहत मिलने का इंतजार बना हुआ है।