पटना में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से 2 वर्षीय मासूम की मौत, गार्ड रूम में बंद चालक ने की आत्महत्या
Bihar News: पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना ने सनसनी फैला दी। स्कॉर्पियो की टक्कर से एक दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद गार्ड रूम में बंद किए गए स्कॉर्पियो चालक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की शाम सूचना मिली कि केडीपीएस कॉलोनी, गया गुमटी लाइन, करबिगहिया के पास एक स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गार्ड रूम के बाहर ताला लगा मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर चालक खिड़की से गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, हादसे में घायल मासूम को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक ही घटना में मासूम और चालक की मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना, चालक की मौत और पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में पटना सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।