लखीसराय के अशोकधाम मंदिर परिसर में मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 12 से अधिक लोग घायल

 

Bihar news: इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर बिहार के लखीसराय के अशोकधाम के पास सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. इस दुर्घटना में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई,  जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए हैं. मंदिर में तीसरी सोमवारी पर बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं में ज्यातादर महिलाएं शामिल हैं. इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार तीसरी सोमवारी पर करीब 50 हजार श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान भगदड़ मच गई. श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे. कई एक-दूसरे के नीचे दब गए. सूचना पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अशोक धाम में पूजा के दौरान बिजली का पोल गिरने के कारण करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिसके कारण लोग करंट से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागले लगे. हादसे में दर्जनभर लोग जख्मी हो गए हैं. 

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने प्रेस वार्ता में आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मौत का कारण करंट लगना नहीं, बल्कि भगदड़ मचना था. घटना की मुख्य वजह ट्रेन का एक साथ आना भी बताया जा रहा है, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हुई है. बताया जा रहा है कि अशोकधाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं. ट्रेन को देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी. युवकों की भाग-दौड़ के कारण वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया. पोल गिरते ही मौके पर करंट फैलने की अफवाह उड़ गई. 

बताया यह भी जा रहा है कि उस समय बिजली आपूर्ति वास्तव में बंद थी और तार कवर किया हुआ था, लेकिन अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई. अफवाह सुनते ही भीड़ में भगदड़ मच गई. इसी अफरा-तफरी में दबने से 7 महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. स्थानीय प्रशासन ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं.