दरभंगा स्टेशन पर मौत के मुंह से निकले 9 बच्चे, लिफ्ट में एक घंटे तक फंसे, तीन बेहोश

 

Darbhanga: दरभंगा रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन की लिफ्ट अचानक बीच में फंस गई, जिसमें 9 बच्चे करीब एक घंटे तक कैद रहे। दम घुटने की वजह से इनमें से तीन बच्चे बेहोश हो गए। गनीमत रही कि समय रहते रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी बच्चे सीतामढ़ी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो दरभंगा में मेला घूमने आए थे।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम

घटना सुबह करीब 3:40 बजे की है। प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 की लिफ्ट अचानक बंद हो गई और बच्चे अंदर फंस गए। उन्होंने मदद के लिए कई बार बटन दबाया लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। हालात बिगड़ने पर बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल किया। कॉल मिलते ही पुलिस ने RPF को सूचना दी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।

त्वरित कार्रवाई से बची जान

सूचना मिलते ही RPF के सहायक उप निरीक्षक अमित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अनाउंसमेंट कर लिफ्ट ऑपरेटर और पावर हाउस स्टाफ को बुलाया गया। जांच में पता चला कि लिफ्ट FOB और प्लेटफॉर्म के बीच अटक गई थी। अंदर से बच्चों की चीखें सुनाई दे रही थीं और तीन बच्चे बेहोश पड़े थे। RPF और पुलिस की मदद से लिफ्ट खोली गई और सभी बच्चों को बाहर निकाला गया।

बच्चों की हालत और आगे की कार्रवाई

बाहर निकालने के बाद तीन बच्चों को पानी का छिड़काव कर होश में लाया गया। सभी को जीआरपी पोस्ट ले जाकर पानी और बिस्किट दिए गए, फिर स्वास्थ्य जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों ने बताया कि वे दरभंगा मेला देखकर लौटने के लिए प्लेटफॉर्म पर आए थे और लिफ्ट से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

रिपोर्टर: तुलसी झा, दरभंगा