शादी के सफर में मौत का सफर- चलती ट्रेन से गिरा 21 साल का युवक, घर पहुंचने से पहले ही बुझ गया चिराग
जानकारी के मुताबिक, नालंदा जिले के चेरो थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय छोटू कुमार अपने परिवार के साथ टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस से बख्तियारपुर से फतुहा जा रहा था। सभी लोग एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए उत्साहित थे, लेकिन करौटा स्टेशन के पास अचानक छोटू चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना का पता चलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ट्रेन के खुसरूपुर स्टेशन पहुंचते ही परिवार ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के जरिए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि छोटू अपने परिवार का बड़ा बेटा था और उसकी खुद की शादी भी अभी नहीं हुई थी। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोटर: गौरी शंकर प्रसाद