अररिया में दो साल से फर्जी दरोगा बनकर घूमने वाला ठग गिरफ्तार, नकली पिस्टल के साथ पुलिस ने दबोचा
Bihar crime news: अररिया में पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को पकड़कर बड़ा खुलासा किया है, जो पूरे दो वर्षों से पुलिस दरोगा बनकर लोगों को ठग रहा था। आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड दुधैला बराही निवासी रणवीर कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ फारबिसगंज बाजार स्थित एक किराए के मकान में रहता था और वहीं से लोगों को झांसे में लेने का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, रणवीर कुमार गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय पहुंचा था। वह एक मामले की पैरवी और उसे “मैनेज” करने का दावा कर रहा था। उसके बोलने के तरीके और व्यवहार पर संदेह होने पर अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की। इसी दौरान उसके झूठ का पूरा राज़ खुल गया।
जांच में सामने आया कि वह पिछले दो सालों से नकली पुलिस वर्दी पहनकर विभिन्न मामलों में पैरवी और सिफारिश के नाम पर लोगों से पैसे ठगता था। नगर थाना पुलिस ने मौके से उसके पास से नकली पिस्तौल भी बरामद की है, जिसका उपयोग वह लोगों को डराने और खुद को दरोगा सिद्ध करने में करता था।
डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर कई लोगों को चूना लगाया है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में रणवीर कुमार ने कई अहम जानकारी दी है, जिनकी पुष्टि की जा रही है। फर्जी वर्दी, नकली हथियार और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट– अरुण कुमार, अररिया