हाजीपुर में पीडीएस दुकान की आड़ में चल रही थी शराब फैक्ट्री, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा; 5 गिरफ्तार
Bihar news: शराबबंदी वाले बिहार में हाजीपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान की आड़ में रिहायशी इलाके के एक घर में अवैध शराब बनाने का खेल चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
मामला सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव का है। बताया जा रहा है कि बीच बस्ती में स्थित एक मकान में विदेशी शराब की डुप्लीकेट फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस ने टीम बनाकर छापेमारी की।
घर के अंदर मिला ‘मिनी फैक्ट्री’ का सेटअप
छापे के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, अलग-अलग ब्रांड के रैपर, खाली बोतलें, पैकिंग सामग्री, शराब बनाने के उपकरण और कच्चा माल बरामद किया। चावल के बोरों में छिपाकर शराब रखी गई थी, ताकि किसी को शक न हो।
बरामद सामान से साफ है कि यहां बड़े पैमाने पर शराब का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी।
5 लोग गिरफ्तार, संगठित गिरोह की आशंका
कार्रवाई के दौरान मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है, जो लंबे समय से पीडीएस दुकान की आड़ में अवैध कारोबार चला रहा था।
क्या बोले एसडीपीओ?
मामले पर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
शराबबंदी कानून के बीच इस तरह की गतिविधि ने एक बार फिर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार, हाजीपुर