लखीसराय के बड़हिया स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, पटरी पार कर रहे यात्रियों के बीच अचानक दौड़ी एक्सप्रेस ट्रेन

 

Bihar news: बिहार के लखीसराय जिले के बड़हिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद कई यात्री शॉर्टकट अपनाते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन के अचानक पहुंचने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक यात्री ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी थी। इसी बीच कुछ लोग फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे पटरी पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर जाने लगे। तभी दूसरी लाइन पर तेज गति से एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। अचानक ट्रेन को सामने देखकर यात्रियों में भगदड़ मच गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ यात्री समय रहते प्लेटफॉर्म पर चढ़ गए, जबकि कुछ लोग कुछ देर के लिए दो ट्रेनों के बीच फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बच निकले।

घटना का वीडियो स्टेशन पर मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

किऊल स्टेशन मास्टर गोड प्रसाद ने बताया कि बड़हिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों को जोड़ने के लिए फिलहाल केवल एक फुटओवर ब्रिज है। अधिक भीड़ होने के कारण कई यात्री जल्दबाजी में ट्रैक पार करने लगते हैं, जिससे इस तरह की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमेशा फुटओवर ब्रिज या निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। साथ ही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही गई है।