बांका के स्कूल हॉस्टल में भीषण आग से मचा हड़कंप, धुएं से बेहोश हुए 6 बच्चे- समय रहते बची सभी की जान
बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। उस समय हॉस्टल की ऊपरी मंजिल पर छह बच्चे सो रहे थे। देखते ही देखते आग से उठने वाला घना धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे बच्चों का दम घुटने लगा।
लोगों ने तोड़ा गेट, बच्चों को निकाला
स्कूल से धुआं निकलते देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। हॉस्टल का गेट बंद होने के कारण शुरुआत में बच्चों तक पहुंचना मुश्किल हो गया, लेकिन काफी कोशिश के बाद गेट खोलकर बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की गई।
इसी बीच सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बेहोशी की हालत में बच्चों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों ने बताया—अब खतरे से बाहर
मौके पर मौजूद डॉक्टर Dr रविकांत ने बताया कि धुएं की वजह से बच्चों का दम घुटने से वे बेहोश हो गए थे। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब सामान्य है और जल्द ही उन्हें घर भेज दिया जाएगा।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत की बात यह रही कि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।