मोतिहारी के चांदमारी मोहल्ले में युवक का तांडव, 4 घंटे तक दहशत, महिला पर हमला, 4 राहगीर घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर एक घर में घुस गया। जब घर में मौजूद एक महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, तो युवक ने महिला के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद युवक घर की छत पर चढ़ गया और वहां से सड़क पर चल रहे लोगों पर पत्थर फेंकने लगा। इस घटना में चार राहगीर घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवक को काबू में करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात बिगड़ते देख फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई और पानी की बौछार कर युवक को काबू करने की कोशिश की गई।
इस दौरान युवक बार-बार छत से कूदने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थमी रहीं। आखिरकार पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए युवक को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।