मेला देखने गया युवक आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

 
Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार की है, जहां बुधवार सुबह सरेह में पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के चंद्रौल गांव निवासी 23 वर्षीय रंगीला यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रंगीला यादव गोरखपुर में रहकर मजदूरी करता था। मंगलवार को वह अपने घर चंद्रौल लौटा था। शाम के समय वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शेरा बाजार में लगे मेले को देखने गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद बुधवार सुबह उसका शव शेरा बाजार से कुछ दूरी पर स्थित सरेह में एक आम के पेड़ से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही बथवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। वहीं युवक की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक के चचेरे भाई बेचू यादव का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उनका आरोप है कि रंगीला के गले में गमछा बांधकर उसे पेड़ से लटकाया गया और पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी पुरानी रंजिश के कारण उसके साथ गए दोस्तों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है।

बताया जाता है कि रंगीला यादव दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

इधर पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुट गई है। बथवरिया थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल रहस्यमय परिस्थितियों में हुई युवक की मौत ने पूरे इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।