मोतिहारी में सोती छात्रा पर तेजाब से हमला, चेहरा बुरी तरह झुलसा, आरोपी गिरफ्तार
Motihari News: मोतिहारी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात सो रही एक छात्रा पर तेजाब से हमला कर दिया गया। इस हमले में छात्रा का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है। उसे तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे छात्रा अपने कमरे में सो रही थी। तभी किसी ने कमरे की लाइट बंद की और उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया।
पीड़िता ने बताया है कि उसका किसी से कोई प्रेम संबंध नहीं था। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हमला परिवार के ही एक युवक ने किया है। आरोपी की पहचान प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है, जो पीड़िता के रिश्तेदार के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक एकतरफा प्यार करता था और जबरन शादी करना चाहता था। छात्रा द्वारा उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वह नाराज हो गया था।
परिवार के लोगों का कहना है कि यह मामला पहले पारिवारिक स्तर पर ही सुलझाने की कोशिश की गई थी, इसलिए पुलिस में शिकायत नहीं दी गई थी। लेकिन इस बार आरोपी ने खतरनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी बहुत डर गई है और दर्द से परेशान है। वहीं डॉक्टर मंजर नसीम ने कहा कि छात्रा के चेहरे पर गंभीर जलन है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि एकतरफा प्यार और जबरदस्ती किस तरह मासूम जिंदगियों को तबाह कर देता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।