बिहार में शराबबंदी के बाद सूखे नशे की ओर जाल फैलाते ड्रग्स के कारोबार, पटना में सवा करोड़ का ड्रग्स बरामद
Bihar news: बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से नशे का स्वरूप बदलता नजर आ रहा है. शराब की जगह अब लोग सूखा नशा और नशीली दवाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. इसी कड़ी में पटना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. यह कार्रवाई शहर में फैलते ड्रग्स के कारोबार पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है.
पटना पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीला सामान बरामद किया. जब्त सामग्री में कुल 67,050 नशीले इंजेक्शन, 5,760 पीस कोडिन युक्त कफ सिरप और 35 पीस स्नेक वेनम एंटी सीरम शामिल हैं. इसके अलावा एक स्कूटी, दो बाइक, एक कार, 2100 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, जब्त सामान की बाजार में अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक है, जो इस अवैध कारोबार के बड़े पैमाने को दर्शाता है.
इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कंकड़बाग इलाके में लोहिया पार्क और पोस्टल पार्क स्थित दो गोदामों के साथ-साथ गोपालपुर के कन्नौजी टोला में स्थित एक मकान पर छापेमारी की. इन स्थानों से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए. कार्रवाई के दौरान एक गोदाम मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध भंडारण, परिवहन और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए हैं. यह पूरा गिरोह संगठित तरीके से नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था.
बताया जा रहा है कि चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूटी के जरिए नशीले इंजेक्शन की सप्लाई की जा रही है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन किया गया और सोमवार रात छापेमारी कर इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया. पुलिस इस कारोबार में शामिल और उसके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.