Araria News: सिमराहा बाजार में कहर: भीषण आग से दो दर्जन दुकानें राख, होटल में सो रहे बुजुर्ग की मौत
Araria News: अररिया जिले के सिमराहा बाजार में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली अगलगी की घटना सामने आई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते करीब दो दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बचाव का मौका तक नहीं मिल सका। इसी दौरान पास के एक होटल में सो रहे बुजुर्ग श्याम बिहारी साह आग की चपेट में आ गए और उनकी मौत मौके पर ही हो गई।
घटना सिमराहा थाना के ठीक समीप की बताई जा रही है। आग से प्रभावित दुकानों में भोजनालय, मोटर पार्ट्स, सैलून समेत कई प्रतिष्ठान शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आग की लपटों ने पूरे बाजार को अपनी गिरफ्त में ले लिया था। आग बुझाने के प्रयास के दौरान लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि सिमराहा जैसे व्यस्त बाजार के लिए अलग से अग्निशमन व्यवस्था जरूरी है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने भी हालात का जायजा लिया और प्रभावित व्यापारियों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट