अररिया: सीमा क्षेत्र में विवादित तख्ती से तनाव, एक युवक हिरासत में, पुलिस-प्रशासन ने संभाला हालात
अररिया ज़िले के भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश ने हालात को अचानक तनावपूर्ण बना दिया। बसमतिया के बेला वार्ड संख्या-2 में एक विवादित तख्ती और आधार कार्ड मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और देर रात तक उग्र प्रदर्शन करते रहे।
विवादित तख्ती और आधार कार्ड मिलने से मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मदरसा से करीब 300 मीटर पूरब सड़क किनारे बांस में एक तख्ती लटकी मिली, जिस पर धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी थी। तख्ती के साथ एक आधार कार्ड की फोटो कॉपी भी टंगी थी। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, पूरा वार्ड सड़कों पर उतर आया और माहौल गर्मा गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवक हिरासत में
सूचना मिलते ही बसमतिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आधार कार्ड से जुड़े युवक को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सुपौल जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र के बनेलीपट्टी निवासी गोपाल कुमार मेहता के रूप में हुई।
हालांकि पूछताछ के दौरान गोपाल ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि किसी ने उन्हें फंसाने की साज़िश रची है। उनका दावा है कि आधार कार्ड पर लिखावट उनकी नहीं है।
थाना घेराव, तीन घंटे तक प्रदर्शन
युवक को थाने लाए जाने के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग वहां जमा हो गए और करीब तीन घंटे तक थाना घेराव कर विरोध दर्ज कराया।
हालात बिगड़ते देख एसपी अंजनी कुमार और फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने स्थिति पर कड़ी नज़र रखी। मौके पर एसएसबी जवानों की तैनाती की गई ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।
जनप्रतिनिधियों ने निभाई अहम भूमिका
ग्रामीणों के आक्रोश को शांत कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी अहम भूमिका रही। पूर्व जिला पार्षद जहांगीर खान, पूर्व मुखिया राजेंद्र राय, बेला मुखिया जमशेद आलम, बबुआन मुखिया मो. इमामुद्दीन और सरपंच प्रतिनिधि जवाहर मेहता ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस बोली – असामाजिक तत्वों की करतूत
फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि किसी असामाजिक तत्व ने आधार कार्ड की फोटो कॉपी पर आपत्तिजनक शब्द लिखकर तख्ती में गाड़ दिया था, जिससे विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं एसपी अंजनी कुमार ने साफ कहा कि इस घटना के पीछे सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साज़िश है और जिम्मेदार लोगों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।