दो दिन से गायब अरुण की लाश बरामद, गांव में मर्डर मिस्ट्री से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस…
बताया जा रहा है कि अरुण कुमार अचानक घर से गायब हो गए थे, जिसके बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने बधार में शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों व परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अरुण कुमार के रूप में की, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पारसबीघा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि अरुण की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस इस मामले के खुलासे में जुट गई है।