ड्यूटी पर निकले ASI को अज्ञात वाहन ने रौंदा, सड़क पर खत्म हुई जिंदगी, परिवार में मचा कोहराम
Nalanda: नालंदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवादा के मुफस्सिल थाना में तैनात एएसआई जितेंद्र कुमार सिंह की मौत हो गई। वे केस के अनुसंधान के सिलसिले में बाइक से पटना के महुआ जा रहे थे। चंडी थाना क्षेत्र के कचरा भेड़िया गांव के पास फोरलेन पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चंडी थाना की गश्ती टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल एएसआई को बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इलाज के लिए ले जाते समय ही उनकी मौत हो गई थी।
मृतक की पहचान 51 वर्षीय जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के दिलावरपुर गांव के निवासी थे। वे 2018 से नवादा जिले के अलग-अलग थानों में सेवा दे रहे थे और करीब 3 साल से मुफस्सिल थाना में पदस्थापित थे। हादसे की खबर मिलते ही नवादा पुलिस लाइन और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मी और परिजन रो पड़े।
पुलिस के अनुसार, हादसे में एएसआई को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने से उनकी मौत हो गई। चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मामले की सूचना नवादा पुलिस को दे दी गई है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए जांच जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
आपको बता दें कि यह हादसा न केवल पुलिस महकमे के लिए, बल्कि पूरे इलाके के लिए एक बड़ी क्षति है। सहकर्मी उन्हें एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।