मोतिहारी में कलश यात्रा पर बवाल की कोशिश नाकाम! प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा विवाद
भंडार गांव में दो पक्ष आमने-सामने, डीएम-एसपी ने संभाली कमान- दोषियों पर कार्रवाई शुरू
May 4, 2026, 13:43 IST
Bihar news: मोतिहारी के पचपकड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडार गांव में कलश यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कुछ लोगों ने बीच सड़क जुलूस को रोकने की कोशिश की। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल गरमा गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। पूर्वी चंपारण के डीएम और एसपी खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनकी मौजूदगी और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया और कलश यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया गया।
प्रशासन के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर जुलूस को बाधित करने की कोशिश की थी। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल इलाके में हालात सामान्य हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।