बांका हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: 3 बेटियां होने पर बहू की बेरहमी से हत्या, सिर धड़ से अलग कर टंकी में छिपाया शव

 

Banka News: बिहार के बांका जिले में महिला की सिर धड़ से अलग कर की गई हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालिका को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा गया है।

मामला बेलहर प्रखंड के जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र का है। यहां 28 जून को डुमरहार बहियार से एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान सिर की पहचान रंगा गांव निवासी 26 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई।

मायके जाने की बात निकली झूठी

सोमवार को जिलेबिया मोड़ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रविंद्र प्रसाद मोहन ने बताया कि प्रियंका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया कि प्रियंका मायके गई है, लेकिन जांच में यह दावा गलत साबित हुआ।

इसी बीच मृतका के पिता सुखदेव पंडित ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।

शौचालय की टंकी से मिला धड़

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटोरिया पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से की गई जांच के दौरान रंगा गांव स्थित सिंचाई विभाग के एक खंडहरनुमा परिसर की शौचालय टंकी से प्रियंका का धड़ बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।

बेटा नहीं होने पर प्रताड़ित की जाती थी महिला

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि प्रियंका की तीन बेटियां थीं और बेटा नहीं होने के कारण उसका पति विवेक पंडित, सास मधुबाला उर्फ विमला देवी और अन्य परिजन उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।

पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से प्रियंका की हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया।

पति और सास गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति विवेक पंडित और सास मधुबाला उर्फ विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालिका को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।

ये रहे छापेमारी टीम में शामिल

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार, बेलहर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, जिलेबिया मोड़ थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, खेसर थानाध्यक्ष सुप्रिया कुमारी, तकनीकी शाखा प्रभारी मनीष कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।